Headlines

बालोद : जिले में धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

दीपक देवदास || बालोद || 27 दिसम्बर 2026।|

कलेक्टर की उपस्थिति में ग्राम ढढारी के थोक व्यापारी के घर एवं गोदाम की हुई जांच

गुरुर/बालोद : समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा अवैध खरीदी-बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से बालोद जिले में प्रशासनिक अमला पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले भर में लगातार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में शुक्रवार 26 दिसम्बर को गुरुर विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम ढढारी में थोक व्यापारी नोखेलाल के घर स्थित गोदाम का निरीक्षण किया गया। यह जांच स्वयं कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की उपस्थिति में प्रशासनिक अमले द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान गोदाम में संग्रहित धान की मात्रा एवं उससे संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
जांच के उपरांत थोक व्यापारी के गोदाम में कुल 1250 कट्टा धान पाया गया। संबंधित व्यापारी द्वारा धान के भंडारण एवं क्रय-विक्रय से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जिनमें निर्धारित मंडी शुल्क जमा करने के प्रमाण, सौदा पत्रक एवं अन्य अभिलेख शामिल थे। जांच में सभी दस्तावेज नियमानुसार एवं वैध पाए गए, जिसके चलते किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिले में लगातार निरीक्षण की कार्रवाई जारी रखी जाएगी, ताकि किसानों के हित सुरक्षित रह सकें।
जांच के दौरान एसडीएम श्री आर.के. सोनकर, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आर.पी. राठिया, तहसीलदार श्री हनुमंत श्याम, मंडी सचिव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *