बालोद में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, गरीबों के हितों का रखा जाएगा विशेष ध्यान

संवददाता- यशवंत विश्वकर्मा , बालोद

बालोद शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बनाने के उद्देश्य से आज जिला कलेक्टर कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हरीश सांखला, ताराचंद सांखला, मनीष कोठारी सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर में चल रही अतिक्रमण हटाओ अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे अपने दुकानों के सामने सामान एवं वाहनों का अतिक्रमण नहीं करेंगे, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने भी स्पष्ट रूप से भरोसा दिलाया कि किसी भी गरीब व्यक्ति की गुमटी या दुकान को बिना उचित विस्थापन के नहीं हटाया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद को नुकसान न पहुंचे।
बैठक में सभी पक्षों ने आपसी सहयोग और समन्वय से शहर को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर अतिक्रमण प्रभावित लोगों के पुनर्व्यवस्थापन हेतु 25 लाख रुपये की राशि की मांग की। मंत्री अरुण साव ने इस मांग पर सहमति प्रदान की।
अंत में यशवंत जैन, चेमन देशमुख एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव, जिला कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *