यशवंत विश्वकर्मा || गुरुर, बालोद ||
मातृशक्तियों की गोदभराई रस्म व्यंजन की टोकरी भेंट की, बच्चों को खीर खिलाकर मुँह मीठा कराया।
सुशासन दिवस सप्ताह 2025 के अंतर्गत जिले में 19 से 25 दिसंबर 2025 तक प्रशासन गांव की ओर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना एवं जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इसी क्रम में 24 दिसंबर 2025 को ग्राम पंचायत सनौद, विकासखंड गुरुर, जिला बालोद (छत्तीसगढ़) में जिला प्रशासन बालोद द्वारा सुशासन दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं जैसे राशन कार्ड, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा आदि से संबंधित आवेदनों को सुना गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। मौके पर ही कई समस्याओं का निराकरण किया गया, वहीं शेष आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
विशेष रूप से कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराई गई। मातृशक्तियों के सिर पर चुनरी ओढ़ाकर, मुँह मीठा कराकर उन्हें सम्मानित किया गया तथा पोषणयुक्त व्यंजनों की टोकरी भेंट की गई।
इसके साथ ही मुँह जुटाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों द्वारा बच्चों को फूल हार पहनाकर खीर खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में जानकारी दी गई।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। प्रशासन गांव की ओर अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे ग्रामीणों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है।
सुशासन दिवस के इस आयोजन ने ग्राम सनोद में सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा के संदेश को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया।
इस मौके पर जिला पंचायत सभापति तेज राम साहू, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू, नरेश साहू सभापति जनपद पंचायत, संध्या अजेन्द्र साहू सभापति जनपद पंचायत, गुलाब सिन्हा जनपद सदस्य, झालेन्द्र साहू जनपद सदस्य, आशीष साहू जनपद सदस्य, खेमलाल देवांगन भाजपा मंडल अध्यक्ष संनौद, आनंद शर्मा मंडल अध्यक्ष गुरुर, अजेंद्र साहू महामंत्री गुरुर मंडल, टूकेशवर प्रसाद पांडेय, रवि साहू मंत्री गुरुर मंडल, संजय साहू सहित अन्य मौजूद रहे।

