Headlines

गुरुर : कोचवाही में श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन, श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर

कोचवाही में श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन, श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर

 


गुरुर। ग्राम कोचवाही में 20 मार्च से 28 मार्च 2026 तक श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य एवं धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस नौ दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं और धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
आयोजन समिति द्वारा भव्य पंडाल, आकर्षक सजावट एवं सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से संध्या 5 बजे तक कथा का वाचन किया जा रहा है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के महत्व का विस्तार से वर्णन किया जा रहा है।
इस अवसर पर वृन्दावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथा वाचक पं. महेश नारायण शास्त्री अपने ओजस्वी वचनों और मधुर शैली से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। उन्होंने अपने प्रवचनों में कहा कि भगवान की सच्ची भक्ति ही जीवन का आधार है। मनुष्य को हर परिस्थिति में ईश्वर पर विश्वास बनाए रखना चाहिए, क्योंकि सुख और दुख जीवन के दो पहलू हैं, जो समय के साथ बदलते रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अमीरी और गरीबी व्यक्ति के पूर्व जन्म और वर्तमान कर्मों के अनुसार मिलती है, इसलिए सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए।
कथा के दौरान भक्ति संगीत और मधुर भजनों की भी आकर्षक प्रस्तुति दी जा रही है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने और नाचने लगते हैं। महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं की सहभागिता विशेष रूप से देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में ग्राम के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा है। अंत में आयोजकों द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने एवं धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *