गुरुर। ब्लॉक कांग्रेस युवा अध्यक्ष मोनू ठाकुर ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ई-मेल व व्हाट्सएप के माध्यम से संदेश भेजते हुए वर्तमान आर्थिक स्थिति पर ध्यान आकर्षित किया।
मोनू ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर इलाज तक, हर आवश्यक सेवा की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिक के लिए दैनिक जरूरतों को पूरा करना कठिन होता जा रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से रसोई गैस (एलपीजी) की बढ़ती कीमतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है और कई लोगों को अपनी मूलभूत आवश्यकताओं से समझौता करना पड़ रहा है। महंगी दवाइयों के कारण कई मरीजों को अपना इलाज बीच में ही छोड़ना पड़ रहा है।
इसके अलावा परिवहन सेवाओं के महंगे होने और रोजगार के अवसरों में कमी को भी उन्होंने गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति न केवल आर्थिक दबाव बढ़ा रही है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के लिए जीवन यापन को और अधिक चुनौतीपूर्ण बना रही है।
अंत में उन्होंने सरकार से अपील की कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी नीतियां लागू की जाएं, ताकि आम जनता को आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध हो सकें और देश में आर्थिक संतुलन बना रहे।
गुरुर । महंगाई पर लगाम लगाने की मांग, मोनू ठाकुर ने प्रधानमंत्री को भेजा संदेश

