पटियाला में सनसनीखेज हत्या: फैक्ट्री मालिक ने प्रेमिका को गोली मारकर हत्या की

पंजाब के पटियाला जिले के मर्दांहेड़ी इलाके में फैक्ट्री मालिक ने अपने अवैध संबंधों के कारण घर में हो रहे कलह के कारण अपनी प्रेमिका की गोलियां मारकर हत्या कर दी। सुबूत मिटाने के लिए शव को फैक्ट्री में जलाने के बाद अस्थियां समाना स्थित गुरुद्वारा गढ़ी साहिब में प्रवाहित कर दीं। थाना सदर पटियाला पुलिस ने आरोपित फैक्ट्री मालिक और उसके साले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साले की तलाश जारी है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय कमलप्रीत कौर के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता जगसीर सिंह निवासी वार्ड नंबर एक, अबलोवाल ने बताया कि उनकी बहन का विवाह वर्ष 2017 में संदीप सिंह निवासी गांव रोंगला, जिला संगरूर के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद के चलते वह मायके आ गई। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में परिवार को पता चला कि गांव पंजोला निवासी गगनदीप सिंह ने खुद को अविवाहित बताकर कमलप्रीत कौर को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। उसने पटियाला के सूलर क्षेत्र में किराये के मकान में उसे रखा। इसका पता लगने पर आरोपित का अपनी पत्नी परमजीत कौर के साथ विवाद रहने लगा। जगसीर ने आरोप लगाया कि बढ़ते विवाद के बीच आरोपित गगनदीप ने कमलप्रीत कौर को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने मर्दांहेड़ी स्थित अपनी टाइल फैक्ट्री में गोली मारकर कमलप्रीत की हत्या कर दी। इसके बाद शव को अपनी टाइल फैक्ट्री में ही जला दिया और सुबूत मिटाने के उद्देश्य से अस्थियां भी प्रवाहित कर दीं। मामले से पर्दा बीती सात अप्रैल को तब उठा जब शिकायतकर्ता के रिश्तेदार आजाद सिंह ने बलबेड़ा स्थित एक ढाबे पर आरोपित गगनदीप को यह कहते सुना कि घरेलू कलह से परेशान होकर उसने कमलप्रीत कौर की हत्या कर दी। उसने यह भी कहा कि शव को फैक्ट्री में जलाने के बाद अपने साले राजवीर सिंह के साथ मिलकर अस्थियां गुरुद्वारा गढ़ी साहिब, समाना में प्रवाहित कर दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *