मिडिल ईस्ट तनाव के बीच पाकिस्तान-इजरायल में तीखी बयानबाजी, ख्वाजा आसिफ के बयान पर नेतन्याहू की कड़ी प्रतिक्रिया

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच पाकिस्तान और इजरायल के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल को लेकर बड़ा बयान दिया, जिसके बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तीखी प्रतिक्रिया दी. ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब इस्लामाबाद में शांति वार्ता की तैयारी हो रही है, उसी समय लेबनान में लोगों की हत्या हो रही है. उन्होंने इजरायल पर आरोप लगाया कि गाजा, ईरान और अब लेबनान में निर्दोष लोगों का खून बहाया जा रहा है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल को अभिशाप बताते हुए उसकी तुलना कैंसर से की. उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने कैंसर जैसा देश बनाया है, वे उम्मीद करते हैं कि वो नर्क की आग में जलें.’ आसिफ के बयान पर इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताया और कहा कि किसी भी सरकार की ओर से इस तरह की बात बर्दाश्त नहीं की जा सकती, खासकर उस देश से जो खुद को शांति प्रक्रिया का हिस्सा बता रहा है. इजरायल के विदेश मंत्री गिडियन सार ने भी पाकिस्तान की आलोचना की. उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान खतरनाक हैं और इससे इजरायल के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने साफ किया कि इजरायल अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा. यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब लेबनान में इजरायल और हिज़्बुल्लाह के बीच जंग जारी है. हाल ही में हुए हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. लेबनान को लेकर सीजफायर पर भी मतभेद बना हुआ है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का कहना है कि सीजफायर पूरे क्षेत्र पर लागू है, जिसमें लेबनान भी शामिल है. इजरायल और अमेरिका का कहना है कि लेबनान इस समझौते का हिस्सा नहीं है. इस बीच, इजरायल और लेबनान के बीच अगले हफ्ते अमेरिका में बातचीत होने की संभावना है. हालांकि, इजरायल पहले ही साफ कर चुका है कि वह हिज़्बुल्लाह के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई जारी रखेगा. दूसरी ओर ईरान ने भी संकेत दिया है कि अगर लेबनान में हमले नहीं रुके तो वह अमेरिका के साथ होने वाली शांति वार्ता को टाल सकता है. इससे कूटनीतिक कोशिशों पर असर पड़ सकता है. एक तरफ बातचीत की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन दूसरी तरफ लगातार हमले और कड़े बयान हालात को और जटिल बना रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *