बिहार: नीतीश के इस्तीफे की अटकलें तेज, नए CM को लेकर सियासी हलचल

बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री का पद जल्द छोड़ सकते हैं और राज्यसभा की ओर अपने नए सियासी सफर की शुरुआत कर सकते हैं. ऐसे में नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इसको लेकर हर दिन कयास लगाए जा रहे हैं. अटकलों के बीच बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया है. विजय सिन्हा ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा, “सरकार कल भी NDA की थी, आज भी NDA की है और कल भी NDA की ही रहेगी. न कोई बड़ा भाई होगा, न कोई छोटा भाई होगा.” विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा, “भाई-भाई होता है, भाई का स्वभाव सामाजिक सद्भाव बढ़ाएगा और समृद्ध बिहार लाएगा, विकसित बिहार बनाएगा.” इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या वे मुख्यमंत्री की रेस में हैं तो उन्होंने कहा कि वो केवल सेवक की रेस में हैं. दरअसल, जब डिप्टी सीएम से सवाल किया गया, “मुख्यमंत्री की रेस में क्या आप हैं?” तो उन्होंने जवाब दिया, “मैं मुख्यमंत्री की रेस में नहीं हूं. मैं सेवक की रेस में हूं, बाकी किसी रेस में नहीं हूं.” सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार 12 अप्रैल को सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं. फिर, बिहार में खरमास के बाद नई सरकार का गठन किए जाने की खबरें हैं. नीतीश कुमार के बाद प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के लिए कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और रेणु देवी जैसे नाम शामिल हैं. हालांकि, प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के लिए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे उपर माना जा रहा है.
अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है कि कौन नया मुख्यमंत्री बनेगा. नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए NDA गठबंधन की बैठक 14 अप्रैल को निर्धारित की गई है. वहीं, आज 6 अप्रैल (सोमवार) को जेडीयू की मुख्य बैठक को नीतीश कुमार के निवास पर हो सकती है. इसमें नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर और नीतीश के बेटे निशांत कुमार के भविष्य को लेकर भी चर्चा हो सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *