सैदपुर के औड़िहार बाजार स्थित एक आभूषण की दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर चोरों ने लाखों का आभूषण चुरा लिया

संवाददाता विशाल सिंह सैदपुर

दुकान संचालक को मंगलवार को दुकान खोलने के बाद इसका पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

सैदपुर के गोपालपुर निवासी धर्मेंद्र वर्मा उर्फ लल्लन सेठ की एक ज्वेलरी की दुकान औड़िहार बाजार स्थित स्टेशन रोड पर है। इस दुकान पर लल्लन सेठ के साथ उनका बेटा अतुल बैठता है। दुकान प्रतिदिन रात लगभग 9 बजे बंद होती है और अगले दिन 10 बजे दिन में खुलती है। मंगलवार को हुई बरसात के बाद लल्लन सेठ का पुत्र अतुल लगभग 11 बजे दुकान खोलने पहुंचा। जब उसने दुकान का शटर उठाया तो अंदर की स्थिति देख अवाक रह गया। अंदर रखी दो तिजोरियों में से एक तिजोरी खुली मिली और उसमें रखे कीमती आभूषणों के खाली डब्बे बाहर बिखरे मिले। दीवाल की तरफ नजर पड़ी, तो देखा कि पीछे से दीवाल तोड़कर लगभग 15 इंच व्यास का एक छेद किया गया है। यह सब देख अतुल को यह समझते देर नहीं लगी कि दुकान में चोरी की गई है। उसने तत्काल इसकी सूचना अपने पिता सहित स्थानीय पुलिस को दी। इसके बाद पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। दुकान संचालक लल्लन सेठ ने बताया कि चोरों ने लाखों रुपए के आभूषण चुराए हैं। दोनों तिजोरियों में रखे आभूषणों का मिलान किया जा रहा है अभी हम स्पष्ट तौर पर नहीं बता सकते कि कुल कितने मूल्य के आभूषण चोरी हुए हैं।
सैदपुर थाना अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की जा रही है। अभी दुकान संचालक की तरफ से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दुकान की मुख्य और सबसे मजबूत तिजोरी सुरक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *