Headlines

राजनांदगांव: पहाड़ी पाठ बाबा मंदिर में पंचमी से प्रतिदिन भोजन भंडारा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़,नवरात्रि में आस्था का केंद्र बना जोरातराई मनगटा का पहाड़ी पाठ बाबा धाम

 

राजनांदगांव। जिले से लगभग 20 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच ग्राम जोरातराई, मनगटा जंगल (स्टेशन मुढ़ीपार) स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी पाठ बाबा मंदिर में क्वार नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ ही पंचमी से प्रतिदिन भोजन भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से पहुंचने वाले श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी हुई है और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर है।
मंदिर में 11 अक्टूबर को ज्योति कलश स्थापना के साथ नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंचमी से प्रतिदिन भोजन भंडारे की व्यवस्था की गई है। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। धार्मिक आयोजन के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दिया जा रहा है।
पहाड़ी पाठ बाबा धाम में इस वर्ष घी और तेल से कुल 300 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यहां माता मंदिर सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जहां श्रद्धालु दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। बड़ी संख्या में भक्तों ने मनोकामना दीप प्रज्वलित कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त की हैं।
प्राकृतिक वातावरण से घिरे इस देवस्थल में स्थापित बाबा महाकाल की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। प्रतिमा के शीश से बहती जलधारा की मधुर ध्वनि और आसपास का शांत वातावरण भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। मान्यता है कि घने जंगल में मुंडी पेड़ के नीचे भगवान भोलेनाथ स्वयंभू रूप में प्रकट हुए थे। इसी आस्था के चलते यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
पहाड़ी पाठ देवस्थल उत्थान समिति के अध्यक्ष एवं जोरातराई के पूर्व सरपंच संतोष कुमार साहू ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए पंचमी से प्रतिदिन भोजन भंडारा संचालित किया जा रहा है, ताकि माता के दर्शन के लिए आने वाले भक्त प्रसादी ग्रहण कर सकें। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के आगामी कार्यक्रमों के तहत 19 अक्टूबर को महाअष्टमी हवन एवं दोपहर 4 बजे पूर्णाहुति होगी। वहीं, 20 अक्टूबर को सुबह 9 बजे ज्योति जवारा विसर्जन किया जाएगा।
धार्मिक आयोजन में पुजारी संतोष शर्मा, समिति अध्यक्ष संतोष कुमार साहू, उपाध्यक्ष नरसिंह साहू, सचिव सुदामा लाल साहू, कोषाध्यक्ष रामलाल साहू, सहसचिव पुरुषोत्तम कुमार साहू, संरक्षक सुरेंद्र शर्मा, शिवलाल चक्रधारी एवं डॉ. जी. एस. राजपूत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बन रहे हैं। मंदिर समिति द्वारा आयोजित भोजन भंडारे और धार्मिक अनुष्ठानों से क्षेत्र में उत्साह एवं भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *