यशवंत विश्वकर्मा के साथ मनोज लावत्रे कि रिपोर्ट
कनेरी में दिव्य संत समागम का उल्लास, जनप्रतिनिधियों ने लिया आशीर्वाद
अधिक मास महा-महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धा की अविरल धारा, 9 दिनों तक भक्तिमय रहेगा पूरा क्षेत्र
गुरुर। गुरुर विकासखंड के ग्राम कनेरी में आयोजित अधिक (पुरुषोत्तम) मास महा-महोत्सव इन दिनों पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। श्री संकटमोचन हनुमान जी (वैष्णव परिवार मंदिर) के तत्वावधान में 18 मई से 26 मई 2026 तक चल रहे इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं संतों के दर्शन कर रहे हैं।
महोत्सव के दौरान रविवार को पूर्व सांसद कांकेर मोहन मंडावी, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मेहत्तर नेताम, जनपद पंचायत सदस्य संध्या अजेंद्र साहू, जर्नादन सिंहा, दिनेश्वरी पन्नालाल सिंहा, रेणुका गजेंद्र, रुद्राणी नेताम एवं देव प्रसाद यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक आयोजन स्थल पहुंचे। सभी अतिथियों ने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
मंदिर परिसर में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, श्रीमद् वाल्मिकी रामायण मूल पाठ, श्रीमद् भागवत पाठ, श्री विष्णुसहस्रनाम 108 पाठ एवं श्रीराम रक्षास्तोत्र 1100 पाठ से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। सुबह रुद्राभिषेक एवं श्री शालिग्राम जी का तुलसी अर्चन श्रद्धापूर्वक संपन्न कराया जा रहा है।
वहीं बाजार चौक स्थित मुख्य मंच पर प्रतिदिन संगीतमय श्रीरामचरितमानस नवाह पारायण पाठ एवं परमपूज्य श्री अभयराम दास महाराज, गोकुल वृंदावन द्वारा हनुमत चरित्र कथा सत्संग का आयोजन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कथा श्रवण के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार अयोध्या, वृंदावन, चित्रकूट, प्रयागराज, काशी, हरिद्वार, जगन्नाथपुरी, द्वारिका एवं बद्रीनाथ सहित देश के अनेक तीर्थ क्षेत्रों से संत-महात्माओं का आगमन हो रहा है। विशेष रूप से जगद्गुरु द्वाराचार्य नाभापीठाधीश्वर परमपूज्य श्री सुतीक्षणदास जी महाराज (वृंदावन धाम) की उपस्थिति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है।
महोत्सव के अंतर्गत 24 से 26 मई तक मिथिला जनकपुर शैली में आयोजित होने वाला भव्य श्री सीताराम विवाह महोत्सव श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का विषय बना हुआ है। 25 मई को दोपहर 3 बजे भव्य श्रीराम बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा रात्रि में विवाह महोत्सव संपन्न होगा। वहीं 26 मई को रामजी कलेवा एवं छप्पनभोग प्रसाद वितरण किया जाएगा।
पूरे आयोजन के दौरान अखंड श्री सीताराम नाम संकीर्तन एवं प्रतिदिन विशाल भंडारा प्रसाद का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

