दीपक देवदास, बालोद


गुरुर। नगर पंचायत पलारी निकाय चुनाव के बीच क्षेत्र में पुरुर थाना पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद होने के मामले ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। इस मामले को लेकर ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोनू ठाकुर ने सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान इतनी बड़ी नकद राशि का मिलना कई गंभीर आशंकाओं को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि आखिर यह रकम किस उद्देश्य से लाई जा रही थी और कहीं इसका उपयोग चुनावी खर्च एवं मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए तो नहीं किया जाना था।
मोनू ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव बेहद आवश्यक हैं, लेकिन चुनाव के समय बड़ी मात्रा में नकदी का पकड़ा जाना चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने प्रशासन और निर्वाचन आयोग से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि यह राशि चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से लाई गई थी, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव में धनबल और बाहुबल का उपयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष चुनाव में अनुचित तरीके अपनाकर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर सकता है, इसलिए प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता जागरूक है और लोकतंत्र को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी। युवा कांग्रेस ने पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की है।

