Headlines

गुरुर: क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद, पुरुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

दीपक देवदास, बालोद 

 

क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद, पुरुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गुरुर।बालोद जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कसते हुए थाना पुरूर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद कर वाहन सहित जप्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा और थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG-24-T-9998 में भारी मात्रा में नकद राशि कांकेर की ओर से पुरूर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना पुरूर पुलिस ने एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में एमसीपी लगाकर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी।
कुछ समय बाद संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें दो व्यक्ति सवार मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अमित जैन (42 वर्ष) निवासी बालोद तथा लच्छू ठाकुर (38 वर्ष) निवासी ग्राम तरौद जिला बालोद बताया।
वाहन की तलाशी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, बैंक कर्मचारियों एवं गवाहों की उपस्थिति में ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस द्वारा नगद राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, लेकिन संबंधित व्यक्ति कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी एवं अवैध नगदी परिवहन से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने नगद राशि एवं प्रयुक्त वाहन को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में गुरुर तहसीलदार हनुमंत श्याम थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू, सहायक उप निरीक्षक भुजबल साहू प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धर्मेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन, मनोज मेश्राम, किशोर साहू एवं संदीप यादव सहित थाना पुरूर पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों और टैक्स चोरी जैसे मामलों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *