||दीपक देवदास, बालोद ||
गुरुर। नगर पंचायत पलारी चुनाव को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शादिक अली ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन पर भरोसा जताते हुए कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे चुनाव अभियान के दौरान घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क किया है, उससे कांग्रेस की जीत सुनिश्चित दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत पलारी के मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। कांग्रेस के पक्ष में जनता का व्यापक समर्थन देखने को मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर है और उसे आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि से आम जनता परेशान है।
शादिक अली ने कहा कि सरकार एक ओर महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपये की सहायता दे रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली के बढ़े हुए बिलों से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। जनता इन मुद्दों को समझ रही है और इसका जवाब चुनाव में दे रही है।
उन्होंने नगर पंचायत पलारी के सभी मतदाताओं, चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों, सुरक्षा बलों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का शांतिपूर्ण एवं सफल मतदान संपन्न कराने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
शादिक अली ने विश्वास जताते हुए कहा कि नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस को जनता का आशीर्वाद मिलेगा और चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतगणना तक पूरी सजगता एवं एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

