Headlines

‘अखिलेश जी, आपका ‘दरोगा’ बना ‘लुटेरा’…’, राजभर का बड़ा हमला

सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, सपा सांसद दारोगा प्रसाद पर लगाए गंभीर आरोप

सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सपा सांसद दारोगा प्रसाद सरोज पर जमीन कब्जाने और दलितों के उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।

राजभर ने कहा कि आखिर हर विवाद और घटना में सपा के नेताओं का ही नाम क्यों सामने आता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “दरोगा नाम के लुटेरे को सांसद किसलिए बनाया गया है? गरीब, पिछड़ों और दलितों पर अत्याचार करने के लिए? बदसलूकी, धमकी और जमीन कब्जाने जैसी घटनाएं इनके लिए आम बात बन गई हैं।”

उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ के मोहनपुर पटवास गांव में एक दलित महिला गीता सरोज की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। राजभर का आरोप है कि इस मामले में सांसद दारोगा प्रसाद के परिवार के लोग भी शामिल हैं और दबाव बनाकर जमीन हड़पने की कोशिश की जा रही है।

सुभासपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि करीब 50 बीघा जमीन और तालाब पर कब्जा कर वहां स्विमिंग पूल वाला फार्महाउस बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कब्जे वाली जमीन के चारों ओर करंट वाले तार लगाए गए हैं, जिससे किसी के वहां जाने पर जान का खतरा हो सकता है।

अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए राजभर ने कहा कि अगर ऐसे नेताओं पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत विपक्ष बनने के लिए पार्टी को अपने नेताओं पर नियंत्रण रखना होगा।

हालांकि, इन आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक समाजवादी पार्टी या सांसद दारोगा प्रसाद सरोज की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *