गोरखपुर को स्पेन बताने वाले बयान पर फिर बोले रवि किशन, विपक्ष पर साधा निशाना
गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी को गोरखपुर में विकास नजर नहीं आता, तो इसमें वह क्या कर सकते हैं। रवि किशन के इस अंदाज पर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य लोग मुस्कुराते नजर आए।
दरअसल, शनिवार 29 अगस्त को गोरखपुर के वार्ड नंबर 80 बशारतपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक निधि से बने शहर के सातवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भी गोरखपुर में विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।
इसके बाद जब मंच से सांसद रवि किशन को बोलने के लिए बुलाया गया तो उन्होंने अपने खास अंदाज में विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें गोरखपुर पर गर्व है और शहर उन्हें बेहद शानदार नजर आता है। उन्होंने गोरखपुर को स्पेन और स्मार्ट सिटी जैसा बताते हुए कहा कि अगर किसी को विकास दिखाई नहीं देता तो वह क्या कर सकते हैं।
रवि किशन के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य अतिथियों की मुस्कुराहट भी लोगों का ध्यान खींच रही है।
पहले भी वायरल हो चुके हैं बयान
रवि किशन अपने अनोखे अंदाज और बेबाक बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इससे पहले भी श्मशान घाट के उद्घाटन के दौरान उनके एक बयान ने खूब चर्चा बटोरी थी। उस दौरान भी मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं। उनके बोलने और डांस के अंदाज पर बड़ी संख्या में मीम्स और रील्स बनाए जाते हैं। रवि किशन इसे जनता का प्यार और अपनापन बताते रहे हैं।

