पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के बीच गठबंधन होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों पार्टियों पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने इस गठबंधन को गठबंधन नहीं, बल्कि ठगबंधन करार दिया है। भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल का साथ आना सिर्फ सत्ता हासिल करने की कोशिश है, जबकि आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है।
सीएम मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी उन किसानों के साथ खड़ी है, जिन्हें सिंचाई के लिए दिन में मुफ्त बिजली मिल रही है। हमारा गठबंधन उन युवाओं के साथ है, जिन्हें बिना किसी सिफारिश के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा उन माताओं और बहनों के साथ है, जिन्हें सरकार की योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता मिल रही है।
भगवंत मान ने मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक और स्कूल ऑफ एमिनेंस का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने आम लोगों के हित में काम किया है। उन्होंने अकाली दल और बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने करीब 22 साल तक पंजाब में शासन किया, लेकिन राज्य की तरक्की के लिए कुछ खास नहीं किया।
दरअसल, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने 24 नवंबर को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी। साथ ही मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल के पास रहेगा।
ऐसे में अब पंजाब की राजनीति में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। एक तरफ बीजेपी और अकाली दल की पुरानी जोड़ी है, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भगवंत मान की आम आदमी पार्टी। देखना होगा कि 2027 के चुनाव में जनता किस पर भरोसा जताती है।
