Headlines

JPNIC पर योगी का अखिलेश पर वार

JPNIC को लेकर CM योगी का अखिलेश पर हमला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर यानी JPNIC को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने JPNIC को सपा के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।

लखनऊ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारत के लोकतंत्र को बचाने वाले जय प्रकाश नारायण के नाम पर करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुआ प्रोजेक्ट 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद पूरा नहीं हो सका।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने JPNIC पर कब्जा जमाने की कोशिश की और इसके लिए एक कमेटी बनाई गई थी। योगी के मुताबिक, इस कमेटी में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और अखिलेश यादव के निजी सचिव राजेंद्र चौधरी शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि JPNIC को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अड्डे में बदलने की कोशिश की गई।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार की नीति बेईमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी धन के दुरुपयोग का जो भी पैसा गया है, उसकी वसूली कराई जाएगी।

‘हम बटेंगे नहीं तो कटेंगे नहीं’

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के PDA को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने की राजनीति करने वालों ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर एक शब्द तक नहीं कहा और उन्हें श्रद्धांजलि तक नहीं दी। योगी ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग महापुरुषों का अपमान करते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले खाली जमीनों पर सपा के गुंडों का कब्जा और बेटियों में असुरक्षा का माहौल उनकी पहचान थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को दोबारा बांटने की कोशिश हो रही है, लेकिन जनता को एकजुट रहना होगा।

महिला शक्ति और सुरक्षा पर जोर

वीरांगना अवंतीबाई लोधी को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा कि महज 26 वर्ष की उम्र में उन्होंने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में नेतृत्व कर यह साबित किया कि महिलाएं हर क्षेत्र में प्रभावी नेतृत्व कर सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बेटियों को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन देना है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इससे महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान को मजबूती मिली है।

योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकलकर देश की ग्रोथ का इंजन बन रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के नए मानक स्थापित कर रही है।

महिला PAC बटालियन का गठन

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकार में PAC की कई कंपनियों को खत्म कर दिया गया था, जबकि बीजेपी सरकार ने PAC को मजबूत किया। उन्होंने बताया कि महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए तीन महिला PAC बटालियन का गठन किया गया है।

लखनऊ की महिला PAC वाहिनी का नाम वीरांगना ऊदा देवी पासी, गोरखपुर की महिला PAC वाहिनी का नाम वीरांगना झलकारीबाई कोरी और बदायूं की महिला बटालियन का नाम वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश की 50 हजार स्नातक बेटियों को महारानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि अवंतीबाई लोधी के नाम पर विधानसभा के पास प्रतिमा स्थापित की गई है, जबकि अलीगढ़ में उनके नाम पर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी, रानी लक्ष्मीबाई, ऊदा देवी और झलकारीबाई जैसी वीरांगनाओं का बलिदान यह साबित करता है कि मातृशक्ति को अवसर मिले तो वह समाज और देश को नई दिशा देने में सक्षम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *