कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 7 की मौत

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 7 की मौत; कई घायल

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसा पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया गया है। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सीओ शिवांग सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद है। राहत और बचाव कार्य के लिए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां और एंबुलेंस भी भेजी गईं।

कौशांबी के डीएम अमित पाल शर्मा ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। शुरुआती कार्रवाई में करीब पांच लोगों को बाहर निकाला गया है। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

तीन घरों के प्रभावित होने की आशंका

डीएम के मुताबिक, हादसे के बाद कौशांबी और प्रयागराज दोनों जिलों की टीमों को मौके पर लगाया गया है। शुरुआती जांच में करीब तीन घरों के आग की चपेट में आने की बात सामने आई है। प्रशासन की टीमें मलबे और प्रभावित इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी की पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने और घटनास्थल पर राहत-बचाव अभियान पूरा करने की है। हादसे की विस्तृत जांच के बाद विस्फोट की वजह और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *