Headlines

पुलिस पर फायरिंग करने लगा रेप-मर्डर का आरोपी, एनकाउंटर में ढेर

बंगाल में नाबालिग से रेप और हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पुलिस की गाड़ी पर मिले गोलियों के निशान

पश्चिम बंगाल के रायगंज में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है। आरोपी की पहचान दिलीप रॉय के रूप में हुई है। अब एनकाउंटर वाली जगह के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पुलिस की गाड़ी पर गोलियों के निशान दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को आधी रात के आसपास खुफिया सूचना मिली थी कि दिलीप रॉय गौरी ग्राम पंचायत के पास एक इलाके में छिपा हुआ है। वह नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित था। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की और सुबह करीब 3:30 बजे बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की।

पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलीप रॉय गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत रायगंज मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चार दिन से आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस

दरअसल, 6 नवंबर को कुलिक नदी के पास जंगल से 12 साल की बच्ची का शव बरामद हुआ था। शव की हालत बेहद खराब थी और बच्ची के शरीर पर कपड़े नहीं थे। परिवार ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।

परिजनों के मुताबिक, बच्ची 3 नवंबर की दोपहर साइकिल से घर के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। दो दिन बाद उसका शव जंगल में मिला। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी बिहार सीमा के रास्ते पश्चिम बंगाल से फरार होने की कोशिश में था।

राज्यमंत्री शंकर घोष ने एनकाउंटर की जांच की मांग की

इस मामले पर राज्यमंत्री शंकर घोष ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर सरकार गंभीर है और इस मामले में उठाए गए कदमों की परिस्थितियों का आकलन जरूरी है।

शंकर घोष ने कहा कि एनकाउंटर की परिस्थितियों की पहले जांच होनी चाहिए। उसके बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच को अनिवार्य बताया।

फिलहाल एनकाउंटर के बाद घटनास्थल के वीडियो सामने आने से मामला चर्चा में है। पुलिस कार्रवाई और बच्ची की हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *