बाबरी मस्जिद पर सोनिया गांधी के बयान का अबू आजमी ने किया समर्थन, बोले- हम तो चीख-चीखकर रोए थे
बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बयान पर सियासत तेज हो गई है। सोनिया गांधी ने कहा था कि बाबरी मस्जिद गिराए जाने की खबर सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। उनके इस बयान पर बीजेपी लगातार निशाना साध रही है। इसी बीच महाराष्ट्र के समाजवादी पार्टी विधायक अबू आजमी ने सोनिया गांधी का समर्थन करते हुए उनके आंसुओं की कद्र करने की बात कही है।
अबू आजमी ने कहा कि किसी भी धर्म की इबादतगाह को जबरन तोड़ा जाता है तो हर संवेदनशील इंसान का दिल दुखेगा। उन्होंने कहा कि इबादतगाह को हथौड़ों से तोड़े जाने की घटना किसी भी मजहब के व्यक्ति को भावुक कर सकती है और उसकी आंखों में आंसू ला सकती है।
‘हम तो चीख-चीखकर रोए थे’
सपा विधायक ने बाबरी मस्जिद विध्वंस को याद करते हुए कहा कि उस दिन वह और उनके साथ के लोग बहुत रोए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक लोगों ने मस्जिद को तोड़ दिया और आज उसी जगह मंदिर बना दिया गया है।
अबू आजमी ने कहा कि सोनिया गांधी की आंखों में आंसू आए तो वह उनके दर्द को समझ सकते हैं, क्योंकि उस घटना से उन्हें भी गहरा दुख पहुंचा था।
अदालत के फैसले पर भी उठाए सवाल
अबू आजमी ने बाबरी मस्जिद मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर बहुसंख्यकों की इच्छा के आधार पर फैसले लिए जाएंगे तो अल्पसंख्यकों के अधिकारों और हितों का क्या होगा?
उन्होंने कहा कि मुसलमान देश में हमेशा अल्पसंख्यक रहे हैं और अगर फैसलों में बहुसंख्यक आबादी की राय को ही प्राथमिकता दी जाएगी तो अल्पसंख्यकों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
सोनिया गांधी के बयान के बाद अबू आजमी की इस प्रतिक्रिया ने बाबरी मस्जिद विध्वंस और उससे जुड़े राजनीतिक विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
