Headlines

शरद-पार्थ पवार की दो बार मुलाकात, NCP विलय की चर्चा तेज

महाराष्ट्र में फिर साथ आएंगे शरद पवार और अजित पवार गुट? पार्थ पवार की लगातार दूसरे दिन मुलाकात से बढ़ी हलचल

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे और एनसीपी महासचिव पार्थ पवार ने रविवार, 8 नवंबर को लगातार दूसरे दिन मुंबई में शरद पवार से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद पार्टी के दोनों धड़ों के संभावित विलय को लेकर राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पार्थ पवार से मुलाकात के बाद शरद पवार ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग बैठक भी की। यह बैठक करीब तीन घंटे तक चली। इसमें जयंत पाटिल, शशिकांत शिंदे, अमोल कोल्हे, अनिल देशमुख और जितेंद्र आव्हाड शामिल हुए।

हालांकि, जयंत पाटिल ने इन चर्चाओं को लेकर कहा कि पार्टी के नेता अपने प्रमुख शरद पवार से मिलने पहुंचे थे, क्योंकि उन्हें शनिवार को ही अस्पताल से छुट्टी मिली थी।

10 नवंबर को शरद पवार से मिलेंगे प्रफुल्ल पटेल

एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल भी पहले शरद पवार से मुलाकात कर चुके हैं। उस समय शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। दोनों की बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद भी दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं ने जोर पकड़ा था।

अब जानकारी सामने आई है कि प्रफुल्ल पटेल 10 नवंबर को एक बार फिर मुंबई में शरद पवार से मुलाकात करेंगे। इस बैठक पर भी राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।

अमित शाह से मुलाकात के बाद बढ़ी पार्टी में खींचतान की चर्चा

एनसीपी के भीतर मतभेदों की अटकलें उस समय और तेज हो गईं, जब पार्टी के सात नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

इस बैठक में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, छगन भुजबल, दिलीप वलसे पाटिल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे और समीर भुजबल शामिल हुए थे। बताया गया कि इस मुलाकात की जानकारी पार्थ पवार और पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार को नहीं थी।

इसके बाद से पार्टी के भीतर असहमति और राजनीतिक रणनीति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दोनों गुटों के विलय को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में शरद पवार, पार्थ पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकातें महाराष्ट्र की राजनीति की दिशा तय करने में अहम मानी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *