Headlines

निज निवास खुज्जी में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ गौरी-गौरा पूजन में शामिल हुए विधायक भोलाराम साहू

संवाददाता-रुपेश साहू- राजनांदगांव

 

 

खुज्जी। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा एवं लोकआस्था के प्रतीक पर्व गौरी-गौरा पूजा के पावन अवसर पर खुज्जी विधायक भोलाराम साहू अपने निज निवास खुज्जी में आयोजित गौरी-गौरा पूजन कार्यक्रम में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक भोलाराम साहू ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान गौरी-गौरा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर उन्नति की मंगलकामना की।

विधायक साहू ने कहा कि गौरी-गौरा पर्व छत्तीसगढ़ की लोकआस्था, ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं सामाजिक मूल्यों को सहेजने के साथ ही उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की लोकपरंपराओं, तीज-त्योहारों और आपसी भाईचारे से है। ऐसे पारंपरिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

पूजन कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक लोकरीतियों एवं धार्मिक उत्साह के बीच भक्तिमय वातावरण बना रहा। गौरी-गौरा पूजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़ी संस्कृति, आस्था और परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *