संवाददाता-रुपेश साहू- राजनांदगांव
मां लक्ष्मी युवा मित्र मंडल एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में हुआ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोककलाओं की प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
मानिकपुर (कुमरदा)। दीपावली के पावन पर्व पर खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मानिकपुर में मां लक्ष्मी युवा मित्र मंडल एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू शामिल हुए। इस दौरान ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक भोलाराम साहू ने समस्त ग्रामवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इन परंपराओं को सहेजना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, वहीं युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जुड़ती है।
उन्होंने कहा कि गांवों में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और समरसता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में बांधने का माध्यम भी होते हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति एवं मनोरंजन से जुड़ी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। लोककला और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए दीपावली की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा कीं।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुमरदा अध्यक्ष प्रताप धावड़े, ग्राम पंचायत सरपंच पूनम साहू, सेक्टर प्रभारी शरद चंद्राकर, मंगतराम, प्रमोद देवांगन, नाग देवांगन, जिवराखन साहू, धर्मेंद्र मलगाम, टॉमीन निषाद, हैमिन देवांगन, छबीराम मलगाम, बंदकुमार देवांगन, राधेलाल मलगाम, शिवप्रसाद निषाद, उजियार पर्दे, जगत मलगाम, रमेश देवांगन सहित मां लक्ष्मी युवा मित्र मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।
