अरविन्द कुमार सिंह ||
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर आंधी-तूफान की तरह दौड़ रही है। रिलीज़ के 21 दिन बाद भी फिल्म की रफ्तार थमी नहीं है। Jio Studios की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने महज़ तीन हफ्तों में 1006.7 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ‘धुरंधर’ साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इसने ऋषभ शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ को पीछे छोड़ते हुए बॉक्स ऑफिस पर नंबर वन की कुर्सी हासिल कर ली है।
‘धुरंधर’ के आगे फीकी पड़ी कपिल शर्मा की कॉमेडी
‘धुरंधर’ की सुनामी में कई फिल्मों का हाल बेहाल हो गया, जिनमें सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ को। यह फिल्म 12 दिसंबर को रिलीज़ हुई थी, यानी ‘धुरंधर’ के रिलीज़ होने के ठीक एक हफ्ते बाद।जैसा ट्रेड एक्सपर्ट्स को अंदेशा था, वैसा ही हुआ। सैकनिल्क (Sacnilk) की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 11 दिनों में सिर्फ 11 करोड़ 90 लाख रुपये की कमाई की। यह आंकड़ा फिल्म के कुल बजट का आधा भी नहीं है।फिल्म की ओपनिंग बेहद कमजोर रही—पहले दिन यह महज़ 1.85 करोड़ रुपये ही कमा सकी। शनिवार और रविवार को थोड़ी राहत मिली, जब फिल्म ने दोनों दिनों में मिलाकर करीब 2.5 से 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया। लेकिन वीकेंड के बाद फिल्म की कमाई औंधे मुंह गिर गई।
बजट 35 करोड़, लेकिन कमाई बेहद निराशाजनक
कोईमोई (Koimoi) की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का बजट करीब 35 करोड़ रुपये है। तुलना करें तो साल 2015 में आई पहली फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ कहीं ज्यादा सफल रही थी। उस फिल्म ने अपने लाइफटाइम में 49 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था और दर्शकों के बीच अच्छी खासी लोकप्रियता भी हासिल की थी।
कम स्क्रीन्स बनीं बड़ी वजह
फिल्म के खराब प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह कम स्क्रीन्स मिलना बताया जा रहा है। मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन थिएटर्स पर ‘धुरंधर’ का ऐसा दबदबा रहा कि कपिल शर्मा की फिल्म को पर्याप्त शो ही नहीं मिल पाए।
जो स्क्रीन्स मिलीं, वहां भी दर्शकों की कमी देखने को मिली, जिससे मेकर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
नुकसान की भरपाई के लिए जनवरी में री-रिलीज़
अब फिल्म के मेकर्स ने नुकसान की भरपाई की उम्मीद में ‘किस किसको प्यार करूं 2’ को दोबारा रिलीज़ करने का फैसला किया है। कपिल शर्मा की टीम ने इस संबंध में एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है।
स्टेटमेंट में कहा गया है—
“दर्शक एक नॉस्टैल्जिक राइड के लिए उत्साहित थे, क्योंकि कपिल अपनी पॉपुलर फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ का बहुप्रतीक्षित सीक्वल लेकर आए थे। फिल्म को ऑडियंस और क्रिटिक्स से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला। हालांकि लिमिटेड स्क्रीन्स ने इसकी परफॉर्मेंस पर बुरा असर डाला। दूसरी फिल्मों ने मल्टीप्लेक्स टेकओवर कर लिए थे। मगर कम स्क्रीन्स के बावजूद इसने लोगों को हंसाया। दर्शकों के उत्साह को देखते हुए प्रोड्यूसर रतन जैन ने इसे जनवरी में री-रिलीज़ करने का फैसला लिया है। रिलीज़ डेट जल्द घोषित की जाएगी।” हालांकि मेकर्स ने जनवरी को चुना है, लेकिन यह महीना भी फिल्म के लिए चुनौतियों से भरा नजर आ रहा है।
1 जनवरी को फिल्म ‘इक्कीस’ रिलीज़ होगी
9 जनवरी को थलपति विजय की ‘जन नायगन’ और प्रभास की ‘दी राजा साब’ आएंगी
16 जनवरी को कॉमेडी फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ रिलीज़ होगी
23 जनवरी को मेगा बजट फिल्म ‘बॉर्डर 2’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी
खास बात यह है कि कॉमेडी जॉनर में भी कपिल की फिल्म अकेली नहीं होगी। ‘हैप्पी पटेल’ और ‘दी राजा साब’ दोनों ही हल्के-फुल्के और कॉमिक टच वाली फिल्में हैं, जिनकी स्टारकास्ट भी मजबूत मानी जा रही है।
फिल्म की कास्ट और क्रू
‘किस किसको प्यार करूं 2’ में कपिल शर्मा के अलावा हीरा वरीना, मनजोत सिंह, त्रिधा चौधरी, पारुल गुलाटी और आयशा खान अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म का निर्देशन अनुकल्प गोस्वामी ने किया है।
कुल मिलाकर जहां एक तरफ ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचती जा रही है, वहीं दूसरी ओर कपिल शर्मा की फिल्म री-रिलीज़ के सहारे अपनी किस्मत बदलने की कोशिश कर रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनवरी में दोबारा रिलीज़ होने पर ‘किस किसको प्यार करूं 2’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच पाती है या नहीं।

