Headlines

ट्रंप को मुनीर ने दिखाया खजाना, UN में भारत ने खोली पाकिस्तान की पोल!

UN में भारत ने पाकिस्तान को घेरा, आसिम मुनीर पर लगाया देश की संपत्ति लूटने का आरोप

संयुक्त राष्ट्र में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को जमकर घेरा है। इस बार निशाने पर पाकिस्तानी सेना और उसके प्रमुख आसिम मुनीर रहे। भारत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना अपने निजी फायदे के लिए देश के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। भारत की ओर से यह गंभीर टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब पाकिस्तान अमेरिका के साथ अपने खनिज संसाधनों को लेकर समझौते और सहयोग बढ़ाने में जुटा है।

दरअसल, संयुक्त राष्ट्र में प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े एक सत्र के दौरान भारतीय प्रतिनिधि पर्वतनैनी हरीश ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात का जिक्र किया।

भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि पिछले साल सितंबर में पाकिस्तान के सेना प्रमुख को विदेशी नेताओं के सामने खनिजों से भरा लकड़ी का एक बक्सा दिखाते हुए देखा गया था। उन्होंने इसे पाकिस्तान की प्राकृतिक संपदा के दोहन में सेना की सीधी भूमिका का संकेत बताया।

हरीश ने पाकिस्तान की सत्ता व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वहां के असली शासक अपने प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल देश के आम नागरिकों के हित में करें, तो यह पाकिस्तान की जनता के लिए कहीं ज्यादा फायदेमंद होगा।

ट्रंप को खनिजों का बक्सा दिखाते नजर आए थे मुनीर

भारतीय प्रतिनिधि का इशारा व्हाइट हाउस की ओर से जारी उस तस्वीर की तरफ था, जिसमें पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ नजर आए थे।

इस मुलाकात के दौरान मुनीर ने ट्रंप को दुर्लभ खनिजों से भरा एक लकड़ी का डिब्बा पेश किया था। तस्वीर में ट्रंप उस बक्से को ध्यान से देखते दिखाई दिए थे, जबकि शहबाज शरीफ भी उनके पास मौजूद थे।

पाकिस्तान में मुनीर को कहा गया ‘सेल्समैन-इन-चीफ’

मुनीर की इस तस्वीर को लेकर पाकिस्तान में भी खूब चर्चा हुई थी। एक पाकिस्तानी सीनेटर ने उनके इस अंदाज की तुलना सामान बेचने वाले दुकानदार से की थी। वहीं सोशल मीडिया पर लोगों ने सेना प्रमुख को ‘सेल्समैन-इन-चीफ’ कहकर निशाना बनाया था।

इसी दौरान पाकिस्तान की सेना से जुड़ी फ्रंटियर वर्क्स ऑर्गनाइजेशन ने अमेरिकी कंपनी यूएस स्ट्रैटेजिक मेटल्स के साथ 500 मिलियन डॉलर का समझौता किया था। इस समझौते का उद्देश्य पाकिस्तान में रक्षा और तकनीकी जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की खोज करना था।

अमेरिका को भेजी गई थी रेयर अर्थ मिनरल्स की पहली खेप

अक्टूबर 2025 में पाकिस्तान ने अमेरिका को दुर्लभ खनिजों और महत्वपूर्ण मिनरल्स की पहली खेप भी भेजी थी। हालांकि, इस सौदे की गोपनीयता को लेकर पाकिस्तान में विपक्ष ने सवाल खड़े किए थे।

अब संयुक्त राष्ट्र में भारत ने इसी मुद्दे को उठाते हुए पाकिस्तान की सेना की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। भारत का आरोप है कि पाकिस्तान की प्राकृतिक संपदा का इस्तेमाल आम जनता के बजाय सत्ता में बैठे लोगों और सेना के हितों के लिए किया जा रहा है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के इस बयान से पाकिस्तान की सेना और उसके खनिज संसाधनों को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *