फागुन्दाह। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फागुन्दाह के छात्र-छात्राओं द्वारा एक दिवसीय शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण के अंतर्गत नगर निगम धमतरी के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा पंडित रविशंकर सागर (गंगरेल) बांध एवं पावर प्लांट का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया। यह भ्रमण विद्यालय के प्राचार्य श्री एल. एस. रावटे के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित किताबी ज्ञान का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी समझ एवं कौशल का विकास करना था।
भ्रमण के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने नगर निगम धमतरी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया। यहां विद्यार्थियों को बताया गया कि नदियों एवं जलाशयों से प्राप्त कच्चे पानी को विभिन्न भौतिक एवं रासायनिक प्रक्रियाओं जैसे अवसादन , निस्यंदन एवं क्लोरीनीकरण के माध्यम से किस प्रकार शुद्ध कर पीने योग्य बनाया जाता है। विद्यार्थियों ने जल शोधन की विभिन्न प्रक्रियाओं एवं संयंत्र में उपयोग होने वाली तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दूसरे चरण में विद्यार्थियों ने पंडित रविशंकर सागर जलाशय (गंगरेल बांध) एवं वहां स्थित पावर प्लांट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बांध की जल संग्रहण व्यवस्था, जल प्रबंधन एवं विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया को समझा। पावर प्लांट में विद्यार्थियों को बताया गया कि जल की स्थितिज ऊर्जा का उपयोग करके टरबाइन को घुमाया जाता है, जिससे जनरेटर के माध्यम से विद्युत ऊर्जा का उत्पादन होता है। इस प्रकार विद्यार्थियों ने जल विद्युत उत्पादन की वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से जाना।
इस शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के श्री एम. के. सिन्हा (व्याख्याता), श्रीमती टीनू कमलवंशी (व्याख्याता), कु. मनीषा शांडिल्य (व्याख्याता), श्री ऐश्वर्य कुमार साहू एवं श्री राहुल कुमार माला (व्यावसायिक प्रशिक्षक) उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को भ्रमण के दौरान विभिन्न तकनीकी एवं वैज्ञानिक जानकारियां प्रदान कीं तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस भ्रमण से विद्यार्थियों को प्लम्बिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर, विज्ञान तथा पर्यावरण से संबंधित विषयों को वास्तविक परिस्थितियों में समझने का अवसर मिला। साथ ही उन्हें जल संरक्षण, ऊर्जा उत्पादन एवं तकनीकी संसाधनों के महत्व की भी जानकारी प्राप्त हुई।
विद्यालय के प्राचार्य श्री एल. एस. रावटे ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा बढ़ती है तथा वे किताबी ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़कर समझ पाते हैं।
यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, रोचक एवं प्रेरणादायक रहा।
