Headlines

गुरुर: नगर सरकार चुनने पलारी में 96.10 प्रतिशत मतदान: वार्ड 10 ने बनाया कीर्तिमान, पहली बार हुए निकाय चुनाव में मतदाताओं ने दिखाया उत्साह

||दीपक देवदास, बालोद ||

 


गुरुर। नवगठित नगर पंचायत पलारी में सोमवार को नगर सरकार चुनने के लिए पहली बार हुए निकाय चुनाव में मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जागरूकता और उत्साह का परिचय दिया। नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में कुल 3,766 मतदाताओं में से 3,620 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल 96.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह मतदान प्रतिशत क्षेत्र के चुनावी इतिहास में एक उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।
सुबह मतदान प्रारंभ होते ही विभिन्न मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी उत्साहपूर्वक मतदान करने पहुंचे। दिनभर मतदान केंद्रों में लोगों की आवाजाही बनी रही तथा निर्धारित समय तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो गया, जिसका फैसला मतगणना के दिन सामने आएगा।
महिलाओं ने भी निभाई सक्रिय भूमिका
इस चुनाव में महिला मतदाताओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की संख्या पुरुष मतदाताओं के बराबर अथवा उससे अधिक रही। प्रशासन द्वारा चलाए गए मतदाता जागरूकता अभियान और बेहतर व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव मतदान प्रतिशत में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
वार्ड 10 में सर्वाधिक मतदान
नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 10 ने सर्वाधिक मतदान का रिकॉर्ड कायम किया। यहां कुल 231 मतदाताओं में से 229 ने मतदान कर 99.13 प्रतिशत मतदान दर्ज कराया। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 6 में 98.68 प्रतिशत, वार्ड क्रमांक 8 में 98.63 प्रतिशत तथा वार्ड क्रमांक 4 में 98.10 प्रतिशत मतदान हुआ।
वहीं वार्ड क्रमांक 15 में सबसे कम 92.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जहां 235 मतदाताओं में से 218 लोगों ने मतदान किया। हालांकि सभी वार्डों में मतदान प्रतिशत 90 प्रतिशत से अधिक रहा, जो मतदाताओं की जागरूकता का प्रमाण है।
सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक सुबह से ही नगर पंचायत पलारी में मौजूद रहकर संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी करते रहे। इसके अलावा रिटर्निंग अधिकारी, जोनल अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।
मतदान समाप्ति के बाद मतदान दलों ने सुरक्षित रूप से मतदान सामग्री स्ट्रांग रूम में जमा कराई तथा सभी मतदान कर्मी सकुशल वापसी कर गए।
ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे मतदान करने पहुंचे हेमलाल साहू
लोकतंत्र के इस महापर्व में एक प्रेरणादायक तस्वीर भी सामने आई। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे बुजुर्ग मतदाता हेमलाल साहू ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनके इस जज्बे की अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य मतदाताओं ने सराहना की।
हेमलाल साहू ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने उनके उत्साह और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होती रही।
लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का बना उदाहरण
नगर पंचायत पलारी में 96.10 प्रतिशत मतदान यह दर्शाता है कि क्षेत्र के मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति अत्यंत सजग और जागरूक हैं। पहली बार हुए इस निकाय चुनाव में मतदाताओं के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि स्थानीय विकास और नगर सरकार के गठन को लेकर लोगों में विशेष रुचि और जागरूकता है। अब सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *