दीपक देवदास यशवंत विश्वकर्मा गुरुर

पलारी में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन : प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव बोले — भाजपा सरकार बनेगी तो विकास की गंगा बहेगी
भव्य बाइक रैली से हुआ स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
गुरुर। नगर पंचायत पलारी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के पलारी आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन से पूर्व भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा सांगली से विशाल बाइक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। बाइक रैली पुरुर चौक, बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची। पूरे मार्ग में भाजपा समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम स्थल पर आयोजित सभा में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाते हुए कहा कि पलारी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की स्थिति बेहद मजबूत है और ऐसा कोई कारण नहीं है कि पार्टी हार के करीब भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी लखन लाल गुरुपंच लंबे समय से संगठन के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं तथा नगर में उनकी मजबूत पकड़ और जनसंपर्क का लाभ पार्टी को मिल रहा है।
“जिला से लेकर प्रदेश तक के नेता चुनाव में जुटे”
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन पलारी नगर पंचायत चुनाव को बेहद गंभीरता से लड़ रहा है। जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय होकर जनसंपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि नगर के समग्र विकास के संकल्प के साथ जनता के बीच पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने से पलारी को विकास का सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और पलारी में भी विकास योजनाओं की नई सौगात मिलेगी।
“पलारी में 5 करोड़ के विकास कार्यों को मिल रही गति”
सभा को संबोधित करते हुए किरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा नेतृत्व द्वारा अभी से ही नगर पंचायत पलारी में लगभग 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को गति दी जा रही है। भाजपा की सरकार बनने के बाद नगर में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। वहीं राज्य सरकार भी गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता के हित में लगातार काम कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता शासन की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशियों को जीत दिलाने की अपील
प्रदेश अध्यक्ष ने सभा के दौरान नगर पंचायत पलारी के सभी भाजपा प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पलारी नगर पंचायत में विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और नगर को आदर्श नगर पंचायत बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नामांकन रैली से लेकर डोर-टू-डोर जनसंपर्क तक पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ तीनों मंडलों के प्रभारी भी सक्रिय रूप से भाजपा अध्यक्ष एवं पार्षद प्रत्याशियों को जिताने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम काम कर रही है और प्रत्येक वार्ड में संगठन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरा हुआ है। दूसरे मंडलों के पदाधिकारी भी सक्रिय होकर चुनाव प्रचार अभियान को गति दे रहे हैं।
श्री देशमुख ने कहा कि नगर पंचायत पलारी में मुकाबला सीधे कांग्रेस से है, लेकिन भाजपा का कोई भी क्षेत्र कमजोर नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा पलारी नगर पंचायत में लगभग 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिसका लाभ जनता को मिल रहा है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करें तथा भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल आयोग के अध्यक्ष नीलू शर्मा, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, लघु वनोपज संघ उपाध्यक्ष यज्ञ शर्मा, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व विधायक राकेश यादव, वीरेंद्र साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, सनौद मंडल प्रभारी पुष्पेंद्र चंद्राकर सहित राकेश छोटू यादव, टोमन साहू, प्रतिभा चौधरी, अश्विनी यादव, तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, कौशल साहू, ईशा प्रकाश साहू, दुर्गानंद साहू,मीना सत्येन्द्र साहू ललिता पीमन साहू खेमलाल देवांगन, टुकेश्वर पांडे, आनंद शर्मा, संध्या आजेंद्र साहू, प्रदीप साहू, नरेश साहू, तेजराम साहू, लक्ष्मी अशोक साहू, चंद्रिका गंजीर, ढंगुराम साहू, नंद कुमार साहू, गुलाब सिंहा, ज्ञलेंद्र साहू, प्रेम साहू, आसाराम साहू, हिमांशु, कृष्णा कुमार ठाकुर एवं उतरा मरकाम सहित बड़ी संख्या मे जनप्रतिनिधि भाजपा कार्यकर्त्तागण और नगरवासी उपस्थित रहे।

