Headlines

गुरूर,पलारी के विकास हेतु यानेश साहू का संकल्प पत्र जारी,“विकास, सेवा और सम्मान” को बनाया चुनावी अभियान का आधार

संवददाता-दीपक देवदास, बालोद

गुरुर। नगर पंचायत पलारी अध्यक्ष पद के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी यानेश साहू ने आगामी 01 जून 2026 को होने वाले नगर पंचायत चुनाव को लेकर अपना संकल्प पत्र एवं अपील जारी किया है। उन्होंने नगरवासियों से पंजा छाप पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य पलारी को विकास, रोजगार, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं से समृद्ध नगर बनाना है।
यानेश साहू ने कहा कि वे नगर के गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करने का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने नगरवासियों से समर्थन मांगते हुए कहा कि जनता का एक-एक वोट पलारी के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेगा।
संकल्प पत्र में नगर पंचायत क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इनमें सभी प्रकार के टैक्स आधा करने, ओंकारेश्वर सरोवर निर्माण, 200 से अधिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाकर रोजगार उपलब्ध कराने, प्रत्येक वार्ड में मासिक मेडिकल कैंप लगाकर निःशुल्क इलाज एवं दवा वितरण की व्यवस्था प्रमुख है।
इसके अलावा खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट बॉक्स निर्माण, जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, वृद्धजनों को पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने तथा नगर में फ्री वाई-फाई जोन की सुविधा देने का वादा किया गया है। साथ ही आय, जाति, निवास, जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र सहित विभिन्न दस्तावेजों की घर पहुंच सेवा देने की बात कही गई है।
संकल्प पत्र में नगर सुरक्षा के लिए सभी वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, विभिन्न चौकों का सौंदर्यीकरण करने, अयोध्या की तर्ज पर राम मंदिर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु लाइब्रेरी निर्माण तथा पलारी प्रीमियम लीग (PPL) आयोजन की घोषणा भी शामिल है।
महिलाओं के स्वरोजगार के लिए 20 हजार से 50 हजार रुपये तक योजना के तहत सहायता दिलाने, रोजगारमुखी प्रशिक्षण देने तथा प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों को एनओसी नहीं देने की बात कही गई है। वहीं स्कूल के पास स्थित राइस मिल को पूर्णतः प्रदूषणमुक्त कराने तथा पूर्व ग्राम पंचायत में हुए भ्रष्टाचार एवं फर्जी एनओसी की जांच करवाने का आश्वासन भी दिया गया है।
यानेश साहू ने आगे कहा कि नगर के सभी वार्डों में नाली, सीसी रोड, प्रकाश व्यवस्था, स्टॉप डैम, पानी टंकी, टैंकर सुविधा, सर्व समाज समरसता भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण जैसे मूलभूत कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे। किसानों की सुविधा के लिए विभिन्न धरसा मार्गों का निर्माण भी कराया जाएगा।
अंत में उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि “पंजा छाप” पर बटन दबाकर कांग्रेस को विजयी बनाएं और विकास की इस मुहिम को मजबूत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *