संवददाता-दीपक देवदास, बालोद
गुरुर। बालोद जिले मे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरूर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त मोपेड वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत 6 लाख 5 हजार रुपये तथा वाहन सहित कुल जुमला कीमत 6 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री अभिषेक शांडिल्य के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक बालोद श्री जितेन्द्र कुमार यादव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसडीओपी गुरुर श्रीमती याशा शर्मा एवं थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम को सफलता मिली।
दिनांक 28 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोपेड TVS XL 100 क्रमांक CG-24-K-0170 में सफेद बोरी में गांजा रखकर कोचेर ग्राम मार्ग से रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम मुरपार मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार वाहन आने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि नेताम पिता नरेश नेताम उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम कसेरी मनेरीपारा थाना पुरूर जिला बालोद बताया। वाहन की तलाशी लेने पर सामने पायदान में रखी सफेद बोरी से 06 पैकेट खाकी टेप से लिपटा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए कुल 12.100 किलोग्राम गांजा एवं मोपेड वाहन जब्त किया।
आरोपी के विरुद्ध थाना पुरूर में धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई तथा आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू, सहायक उप निरीक्षक विश्वजीत भ्रमर, आरक्षक लखन साहू, किशोर साहू, उमाशंकर जारके, धर्मेन्द्र टाण्डेकर, धनेन्द्र देवांगन, संदीप यादव एवं मनोज भ्रमर की सराहनीय भूमिका रही।

