अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर नगर पंचायत गुरूर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
गुरूर। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार 21 जून को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस नगर पंचायत गुरूर कार्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं नगरवासियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नंदकिशोर शर्मा, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष कौशल साहू, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष ईशाप्रकाश साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप कुमार साहू, उपाध्यक्ष कुंती उर्फ इन्द्रावती सिन्हा, भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद शर्मा, जनपद सदस्य सोहद्रा साहू, दिनेश्वरी सिन्हा, पार्षद अनुसुईया ध्रुव, चन्द्रलता होमेन्द्र साहू, गिरधरलाल ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
योगाभ्यास का संचालन योग शिक्षक बालाराम निषाद द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता निभाई। उपस्थित नागरिकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नियमित योग करने की शपथ भी ली।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप कुमार साहू ने कहा कि “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देता है।”
भाजपा जिला महामंत्री हिमांशु साहू ने अपने संदेश में कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है।”
भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद शर्मा ने कहा कि “योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। हमें अपने परिवार और समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाकर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा योग को दैनिक जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।
गुरूर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर नगर पंचायत गुरूर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

