
11 मतों से दर्ज की जीत, दिनभर चली राजनीतिक सरगर्मियां; कांग्रेस खेमे में जश्न, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अंत तक नहीं छोड़ा मैदान
गुरुर। नगर पंचायत पलारी के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी भुवनेश्वर ठाकुर ने 11 मत प्राप्त कर शानदार जीत हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई तथा नगर पंचायत परिसर में जीत का जश्न शुरू हो गया। हालांकि चुनाव परिणाम आने तक राजनीतिक गलियारों में उलटफेर की संभावनाओं को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा और पूरे दिन राजनीतिक सरगर्मियां बनी रहीं।
नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस का बहुमत होने के बावजूद उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी। स्थानीय स्तर पर लगातार ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि कहीं अंतिम समय में समीकरण न बदल जाएं। राजनीतिक जानकारों के बीच क्रॉस वोटिंग और अप्रत्याशित घटनाक्रम की संभावनाओं को लेकर भी कयास लगाए जा रहे थे। इसी कारण कांग्रेस संगठन ने चुनाव को पूरी गंभीरता से लेते हुए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।
चुनाव के दिन सुबह से ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता नगर पंचायत परिसर में सक्रिय रहे। पार्टी के ब्लॉक महामंत्री सादिक अली तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता ओंकार महमल्ला सुबह से लेकर परिणाम घोषित होने तक संगठन की रणनीति को मजबूत बनाए रखने में जुटे रहे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि दोनों नेताओं ने नींव के पत्थर की तरह संगठन को एकजुट रखने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं दूसरी ओर भाजपा ने भी अंतिम समय तक मुकाबले को रोचक बनाए रखा। हार की संभावना के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता चुनाव परिणाम आने तक नगर पंचायत परिसर में डटे रहे। भाजपा खेमे को भी अंतिम समय तक राजनीतिक समीकरण बदलने की उम्मीद थी, जिसके चलते दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की निगाहें पूरे समय मतदान प्रक्रिया और परिणामों पर टिकी रहीं।
अंततः सभी अटकलों और संभावित उलटफेर की चर्चाओं को विराम देते हुए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी भुवनेश्वर ठाकुर ने 11 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और नारेबाजी करते हुए जीत का उत्सव मनाया।
चुनाव परिणाम के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजकुमार सोनकर ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष भुवनेश्वर ठाकुर को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इसके बाद समर्थकों ने पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
जीत की खबर मिलते ही संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा पलारी पहुंचीं। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष यानेश साहू एवं उपाध्यक्ष भुवनेश्वर ठाकुर को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास, कांग्रेस संगठन की मजबूती तथा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में कांग्रेस समर्थित नेतृत्व नगर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
कांग्रेस नेताओं ने इस जीत को पूर्व विधायक भैय्याराम सिन्हा के जन्मदिन पर मिले विशेष उपहार के रूप में भी बताया। उनका कहना था कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत ने कांग्रेस को यह महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के उपाध्यक्ष तामेश्वर साहू, विधायक प्रतिनिधि एवं ब्लॉक महामंत्री टोमन लाल साहू, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री सादिक अली, सुमीत राजपूत, बसंत सोनबेर, राकेश सोनबेर, टेकलाल सोनबेर, पूर्णेश्वर साहू, प्रकाश साहू, तीरथ साहू, प्रेमनारायण साहू, राजेश यादव, प्रवीण साहू, रोशन साहू, मदन साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, महिला एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता तथा वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
राजनीतिक संदेश भी दे गई यह जीत
पलारी नगर पंचायत उपाध्यक्ष चुनाव केवल एक पद का चुनाव नहीं रहा, बल्कि यह स्थानीय राजनीतिक ताकत और संगठनात्मक एकजुटता की परीक्षा भी बन गया था। बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस ने जिस सतर्कता के साथ चुनाव लड़ा और संभावित उलटफेर की सभी आशंकाओं को समाप्त करते हुए जीत हासिल की, उसे आने वाले समय के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

