शामली में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कांधला थाना परिसर में पुलिस और प्रशासन ने डीजे संचालकों, कांवड़ सेवा शिविर संचालकों और डाक कांवड़ लेकर जाने वाले शिवभक्तों के साथ अहम बैठक की। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि शासन के सभी नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
बैठक में सबसे बड़ा फैसला हाईट वाले डीजे को लेकर लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित मानक से अधिक ऊंचाई वाले डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान सिर्फ धार्मिक और भक्ति गीत ही बजाए जा सकेंगे। यदि कोई डीजे संचालक नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी मीट की दुकानें 14 दिनों तक बंद रहेंगी। वहीं शराब की दुकानों को त्रिपाल से ढका जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित न हों। प्रशासन ने कांवड़ियों के लिए पेयजल, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शामली शहर को सात जोन में बांटा गया है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार पैदल कांवड़ियों के लिए शहर के अंदर से अलग मार्ग तय किया गया है, जबकि डाक कांवड़ियों के लिए बाईपास रूट बनाया गया है। पुलिस, प्रशासन और नगर निकाय संयुक्त रूप से पूरी तैयारी में जुटे हैं।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उद्देश्य यही है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा का अनुभव मिल सके।

