Headlines

‘जो हौसलों को कर ले कैद…’ राहुल संग तस्वीरें शेयर कर अखिलेश का तंज

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ प्रधानमंत्री आवास के निकट हुए धरने की तीन तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “जो हौसलों को कर ले कैद, कभी वो हिरासत कहां बनी।”

अखिलेश द्वारा साझा की गई तस्वीरों में राहुल गांधी, योगेंद्र यादव समेत कई विपक्षी नेता धरना स्थल पर नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक-दूसरे के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं।

धरने के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और कई अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया था। बाद में 21 जुलाई की रात करीब 10 बजे अखिलेश यादव को रिहा कर दिया गया। सपा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सभी समाजवादी साथी अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त करें और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं ने छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया था। इस दौरान अखिलेश यादव भी प्रदर्शन में शामिल हुए और छात्रों के मुद्दों के समाधान तथा राहुल गांधी की मांगों को पूरा करने की बात कही।

बताया गया कि प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात कर बातचीत की, लेकिन धरना समाप्त नहीं होने पर पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को हिरासत में लेकर बसों के जरिए वहां से हटाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *