योगी कैबिनेट की बड़ी बैठक में 16 अहम फैसलों पर मुहर, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में 16 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्रियों ने हिस्सा लिया। बैठक में छात्राओं, महिलाओं और प्रदेश के बुनियादी ढांचे से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए। वहीं, 3 अगस्त से शुरू होने वाले यूपी विधानसभा के मानसून सत्र से पहले सरकार की यह अहम बैठक मानी जा रही है।
बैठक के बाद उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि कैबिनेट ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना का उद्देश्य मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। योजना का लाभ प्रदेश के सभी सरकारी, निजी, संबद्ध और स्ववित्तपोषित कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों की छात्राओं को मिलेगा।
किन छात्राओं को मिलेगा लाभ?
योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रत्येक संस्थान की ग्रेजुएशन की टॉप-5 छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। जिन छात्राओं के परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होगी, उनके रजिस्ट्रेशन शुल्क और वाहन बीमा का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। स्कूटी के साथ 5 लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा। सभी स्कूटियों की खरीद GeM पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
इसके अलावा दिव्यांग, निराश्रित और शहीद परिवारों की छात्राओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इन श्रेणियों की छात्राओं के लिए मेरिट की अनिवार्यता नहीं होगी।
कैबिनेट के अन्य बड़े फैसले
कैबिनेट बैठक में महिलाओं के लिए नए छात्रावासों के निर्माण, इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार और प्रदेश में दो नए एक्सप्रेसवे विकसित करने से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
वहीं, 3 अगस्त से शुरू होने वाले यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी, नीट परीक्षा, बेरोजगारी और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। दूसरी ओर योगी सरकार भी इन सभी मुद्दों पर अपना पक्ष रखने और जवाब देने की रणनीति तैयार कर चुकी है।

