महोबा: दोनों हाथ काटने के मामले में BJP नेता गिरफ्तार, पीड़ित परिवार बोला- सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बुलडोजर कार्रवाई हो
महोबा में छह दिन पहले विक्की ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी और बीजेपी नेता शिव प्रताप सिंह परमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक सभी पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। पीड़ित की बहन ने इसे सिर्फ औपचारिकता बताते हुए आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, गिरफ्तार बीजेपी नेता ने खुद को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले को साजिश करार दिया है।
दरअसल, 14 जुलाई की रात महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के समदनगर इलाके में पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर ज्यवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। हमलावरों ने उनके दोनों हाथ काट दिए थे। गंभीर रूप से घायल विक्की का दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। शुरुआती कार्रवाई में रोहित, नादिर और अभिषेक को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मुख्य आरोपी शिव प्रताप सिंह परमार और उसके साथी राजेश उर्फ छोटू को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बावजूद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। विक्की की बहन संगीता सिंह का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में देरी हुई। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनकी मांग है कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। उन्होंने कहा कि तभी परिवार को न्याय का एहसास होगा।
उधर, जेल भेजे जाने से पहले मुख्य आरोपी शिव प्रताप सिंह परमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि उन्हें राजनीतिक और व्यक्तिगत साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है और उनका घटना से कोई संबंध नहीं है।
अब इस सनसनीखेज मामले में सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। आगे की कार्रवाई और अदालत में होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

