UP T20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से, पहली बार लखनऊ और कानपुर में होंगे मुकाबले
उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश टी-20 लीग (UP T20 League) का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इस बार लीग का आयोजन पहली बार दो शहरों में किया जाएगा।
लीग के मुकाबले लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम और कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में लखनऊ में 22 और कानपुर में 12 मुकाबले आयोजित होंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में खेला जाएगा।
इकाना में होगा भव्य उद्घाटन समारोह
UP T20 लीग का उद्घाटन समारोह 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मशहूर सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और लोकप्रिय गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा ड्रोन शो और आतिशबाजी के जरिए कार्यक्रम को खास बनाया जाएगा। समारोह का संचालन स्पोर्ट्स एंकर जतिन सप्रू करेंगे।
उद्घाटन समारोह के लिए करीब 4000 टिकट रियायती दरों पर जारी किए गए हैं। इनमें अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट 499 रुपये में उपलब्ध होगी। टिकट पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर ई-डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से भी खरीदे जा सकेंगे।
लखनऊ में पहला चरण, कानपुर में होगा समापन
UP T20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार पहली बार टूर्नामेंट का आयोजन दो शहरों में किया जा रहा है। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें 22 मुकाबले होंगे।
इसके बाद 28 अगस्त से लीग का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में शुरू होगा। यहां 12 मैच खेले जाएंगे और 6 सितंबर को फाइनल मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का भव्य समापन होगा।

