वाराणसी में हंगामा करने वाला इटली का नागरिक फिर हिरासत में, मानसिक चिकित्सालय भेजा गया
वाराणसी के मैदागिन इलाके में लोगों के घरों और बाजार में घुसकर हंगामा करने वाले इटली के नागरिक को पुलिस ने दोबारा हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया है। मामले की जानकारी इटली दूतावास को भी दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले विदेशी नागरिक के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया था।
इसके बाद एक बार फिर वही विदेशी नागरिक शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों से विवाद करता और हंगामा करता नजर आया। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
मेडिकल जांच के बाद अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद विदेशी नागरिक को मानसिक चिकित्सालय भेज दिया है। पहले उसके नशे में होने की बात सामने आ रही थी, लेकिन अब चिकित्सकीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इटली दूतावास को दी गई सूचना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संबंधित व्यक्ति इटली का नागरिक है। पूरे मामले की जानकारी इटली दूतावास को दे दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।
विदेशी नागरिक के बार-बार हंगामा करने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल था। पुलिस की कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत महसूस की है। प्रशासन अब विदेशी नागरिकों के सत्यापन और उनकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी में है।

