रिजिजू का अभिजीत दीपके पर हमला, पूछा- ‘वो छात्र कैसे बन गए?’
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके पर निशाना साधते हुए उनके छात्र आंदोलन से जुड़ने पर सवाल उठाए हैं। रिजिजू ने आरोप लगाया कि दीपके महाराष्ट्र से हैं और आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याएं जायज हैं, लेकिन राजनीतिक दलों को छात्रों के मुद्दों का इस्तेमाल अपने एजेंडे के लिए नहीं करना चाहिए।
‘राजनीतिक एजेंडे के लिए छात्रों का इस्तेमाल ठीक नहीं’
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद अभिजीत दीपके अब अपनी पार्टी के साथ आगे की रणनीति पर काम कर रहे हैं। दीपके का कहना है कि वह छात्रों की मदद के लिए सामने आए हैं। इसी बीच रिजिजू ने कहा कि छात्रों में अलग तरह का उत्साह होता है और उनकी समस्याओं पर बातचीत की जा सकती है, लेकिन राजनीतिक दलों की ओर से छात्रों की आड़ में अपना एजेंडा आगे बढ़ाना उचित नहीं है।
रिजिजू ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर अभिजीत दीपके आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं तो वह खुद को ‘छात्र’ कैसे बता सकते हैं।
सोशल मीडिया को लेकर भी हुई थी तकरार
अभिजीत दीपके को लेकर रिजिजू पहले भी सोशल मीडिया पर निशाना साध चुके हैं। एक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोग पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस से जुड़े नेटवर्क के जरिए सोशल मीडिया फॉलोअर्स जुटाते हैं।
इसके जवाब में दीपके ने सोशल मीडिया पर ऑडियंस डेमोग्राफिक्स की स्क्रीन रिकॉर्डिंग साझा की थी। उन्होंने दावा किया था कि उनके अकाउंट के 94 प्रतिशत से अधिक फॉलोअर्स भारत से हैं। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने रिजिजू के आरोपों पर सवाल उठाया था।
सरकारी स्कूलों के दौरे के बाद अकाउंट हुआ था बंद
हाल ही में अभिजीत दीपके ने सरकारी स्कूलों का दौरा भी किया था। इसके बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट कुछ समय के लिए बंद हो गया था। हालांकि, बाद में अकाउंट दोबारा रिकवर हो गया। इसकी जानकारी दीपके ने खुद मीडिया के जरिए दी थी।
अब जंतर-मंतर के प्रदर्शन के बाद रिजिजू और दीपके के बीच बयानबाजी ने एक बार फिर राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।

