राजनांदगांव।छुरिया विकासखंड क्षेत्र के ग्राम चिरचारी कला में धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर राजनांदगांव जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती गीता घासी साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया तथा किसानों की खुशहाली और अच्छी उपज की कामना की।
इस अवसर पर गीता घासी साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में की गई घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की मेहनत और उनकी उपज का उचित लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री की घोषणा से किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का आधार है। किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों से उनमें विश्वास और उत्साह बढ़ता है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। किसान भाई अपनी उपज निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान खरीदी केंद्र में लाएं और शासन की व्यवस्थाओं का लाभ उठाएं। इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत चिरचारी कला की सरपंच भारती मंडावी, उपसरपंच अजनी शर्मा, ग्राम प्रमुख हिरदे राम सिन्हा, पूर्व वरिष्ठ कृषक गोपाल सोनी, रोशन वैष्णव (पंच), नरेंद्र दमोहे (वरिष्ठ कृषक), शिवकुमार सोनी (कृषक), कंसराम दमोहे (कृषक), बिशेवाल कुंजाम सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
धान खरीदी केंद्र के शुभारंभ से किसानों में उत्साह का माहौल रहा।
