Headlines

तमिलनाडु मंत्री के बयान पर क्यों मांगी CM विजय ने माफी?

तमिलनाडु विधानसभा में मंत्री के बयान पर बवाल, CM विजय ने मांगी माफी

तमिलनाडु विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि का नाम बिना सम्मानसूचक शब्द के लिए जाने पर जमकर हंगामा हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को सदन में खड़े होकर माफी मांगनी पड़ी।

दरअसल, विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अनुदान मांगों पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान वन मंत्री आरवी रंजीत कुमार ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि का नाम बिना सम्मानसूचक शब्द के लिया। मंत्री के बयान पर डीएमके विधायकों ने आपत्ति जताई और सदन में विरोध शुरू हो गया।

माहौल बिगड़ता देख मुख्यमंत्री विजय ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का नाम जिस तरह लिया गया, वह उचित नहीं था और इसके लिए वह माफी मांगते हैं। मुख्यमंत्री के माफी मांगने के बाद सदन में स्थिति सामान्य हुई।

किसानों को कर्जमाफी का ऐलान

इस बीच मुख्यमंत्री विजय ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने 75 हजार रुपये तक के सहकारी कृषि ऋण को पूरी तरह माफ करने की घोषणा की है। वहीं, 75 हजार से एक लाख रुपये तक के कर्ज पर आंशिक राहत दी जाएगी। एक लाख रुपये से अधिक के ऋण पर अधिकतम 35 हजार रुपये तक की छूट देने की बात कही गई है।

सरकार के मुताबिक, इस योजना से करीब 13.34 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि कृषि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और देश की समृद्धि किसानों के समर्थन पर निर्भर करती है।

पहले भी किसानों को दी थी राहत

मुख्यमंत्री विजय की सरकार ने मई में कार्यभार संभालने के 15 दिनों के भीतर 50 हजार रुपये तक के कृषि ऋण को माफ करने का फैसला किया था। अब सरकार ने कर्जमाफी का दायरा बढ़ाते हुए किसानों को अतिरिक्त राहत देने का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *