Headlines

BJP की नई टीम में वसुंधरा-स्मृति समेत कितनी महिलाओं को मिली जगह?

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार, 17 अगस्त को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही नई टीम को लेकर चर्चाएं तेज थीं। नई टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के साथ महिला नेताओं को भी अहम स्थान दिया गया है।

बीजेपी की 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में कुल 12 महिलाओं को शामिल किया गया है। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

इन महिला नेताओं को मिली जिम्मेदारी

स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं वसुंधरा राजे सिंधिया, डी. पुरंदेश्वरी और राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

कविता पाटीदार और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।

इसके अलावा गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की भारती प्रवीण पवार और पश्चिम बंगाल की मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। नागालैंड की फांग्नो कोन्याक को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।

51 नए चेहरों को मिली जगह

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 51 नए सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें 40 साल से कम उम्र के छह, 40 से 49 वर्ष के 15 और 50 से 59 वर्ष की उम्र के 21 सदस्य शामिल हैं।

पार्टी नेताओं के मुताबिक, नई टीम में प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव के साथ युवा नेतृत्व, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक विविधता का ध्यान रखा गया है। माना जा रहा है कि यह टीम आगामी विधानसभा चुनावों के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *