शुद्धिकरण विवाद पर रवि शंकर प्रसाद का राहुल गांधी पर पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद सामने आए शुद्धिकरण विवाद को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दलित होने के कारण हल्द्वानी में खरगे के कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया गया। अब बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया है।
रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। वह जिस मुद्दे को उठाते हैं, उसी पर घिर जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि उसे अपनी राजनीतिक हैसियत बचाने के लिए अपने ही अध्यक्ष की दलित पहचान का सहारा लेना पड़ रहा है।
‘हर मुद्दे पर राहुल गांधी घिर जाते हैं’
बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी के वंदे मातरम और मनुस्मृति को लेकर दिए गए बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पहले वंदे मातरम का मुद्दा उठाया और फिर मनुस्मृति को लेकर बयान दिया, लेकिन दोनों ही मामलों में उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा।
रवि शंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बिना पूरी जानकारी के मुद्दे उठाते हैं। उन्होंने कहा कि संसद में भी वह इस बात को कह चुके हैं कि राहुल गांधी होमवर्क नहीं करते और उन्हें जो जानकारी दी जाती है, उसी के आधार पर बयान देने लगते हैं।
‘शुद्धिकरण विवाद को बेवजह तूल’
शुद्धिकरण विवाद पर रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह बीजेपी का आधिकारिक कार्यक्रम नहीं था। ऐसे में राहुल गांधी इस मामले को बेवजह राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए। रवि शंकर प्रसाद ने दावा किया कि जनता राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से नहीं लेती और उनके प्रति लोगों का सम्मान भी कम हुआ है।

