अमरमणि त्रिपाठी लड़ेंगे यूपी चुनाव, बेटा भी मैदान में

2027 चुनाव से पहले अमरमणि त्रिपाठी का बड़ा ऐलान, फरेंदा से लड़ेंगे चुनाव

उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी ने महराजगंज की फरेंदा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वहीं उन्होंने अपने बेटे अमनमणि त्रिपाठी को नौतनवा सीट से चुनाव मैदान में उतारने की बात कही है। अमरमणि के इस ऐलान के बाद महराजगंज की सियासत में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

दरअसल, रविवार को महराजगंज के फरेंदा स्थित कृष्णा मैरिज हॉल में अमरमणि त्रिपाठी ने जन संवाद कार्यक्रम किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति के संकेत दिए। कार्यक्रम में पूर्व विकलांग एवं राज्य मंत्री श्याम नारायण तिवारी भी मौजूद रहे।

फरेंदा सीट पर अमरमणि ने जताया दावा

जन संवाद के दौरान अमरमणि त्रिपाठी ने कहा कि वह हमेशा जनता के बीच रहेंगे। उन्होंने फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र पहले भी उनका था और आगे भी रहेगा।

अमरमणि ने कहा कि उनका परिवार तीन पीढ़ियों से जनता की सेवा करता आया है और जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहा है। उनके इस बयान को 2027 के चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

वहीं, उनके बेटे अमनमणि त्रिपाठी भी कार्यक्रम में पिता के समर्थन में नजर आए। उन्होंने लोगों से अमरमणि त्रिपाठी को चुनाव में समर्थन देने की अपील की। अमनमणि ने कहा कि वह अपने पिता के लिए समर्थन मांगने आए हैं, ताकि क्षेत्र में कथित तौर पर चल रही बेईमानी पर लगाम लगाई जा सके।

जेल से रिहाई के बाद फिर सक्रिय राजनीति

अमरमणि त्रिपाठी लंबे समय तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में सजा काटने के बाद वह करीब 20 साल जेल में रहे। अच्छे आचरण के आधार पर रिहाई के बाद अब उन्होंने एक बार फिर सार्वजनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं।

हाल के दिनों में नौतनवा में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में भी उनकी मौजूदगी चर्चा में रही थी। कार्यक्रम के दौरान अमरमणि के समर्थकों की ओर से उनके समर्थन में नारे लगाए गए थे। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी को लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हुई थीं।

अब अमरमणि के फरेंदा से चुनाव लड़ने और अमनमणि के नौतनवा से मैदान में उतरने के ऐलान ने महराजगंज की राजनीति को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। हालांकि, 2027 के चुनाव में उनके दावे और राजनीतिक भूमिका का अंतिम स्वरूप आने वाले समय में ही साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *