PDA के साथ भेदभाव पर अखिलेश का योगी सरकार पर हमला

अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- बूथ तक सपा का अभियान, बनाएंगे PDA सरकार

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार, 31 अगस्त को जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और संगठन को मजबूत करने की योजना साझा की। उन्होंने कहा कि अब समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में PDA की सरकार बनाना है।

अखिलेश यादव ने बताया कि बूथ स्तर का अभियान मंगलवार से शुरू किया जाएगा। पार्टी नेताओं को अगले दो सप्ताह के भीतर प्रदेश में हो रहे कथित अत्याचारों की पूरी तस्वीर जनता के सामने रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस विभाग में PDA के साथ भेदभाव का आरोप

अखिलेश यादव ने पुलिस विभाग में PDA वर्ग के कर्मचारियों और अधिकारियों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि PDA समाज के लोगों को फील्ड पोस्टिंग नहीं दी जा रही है। यहां तक कि इमरजेंसी में छुट्टी लेने के लिए भी उन्हें परेशान होना पड़ता है।

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी।

SIR के बाद SAR का मुद्दा उठाया

मतदाता सूची को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि SIR के बाद अब SAR की साजिश की चर्चा सुनाई दे रही है। उनका दावा है कि चुनाव से पहले मतदाता सूची का दोबारा रिविजन कराया जा सकता है और इसके जरिए कुछ वोटों को एडजस्ट करने की कोशिश हो सकती है।

अखिलेश ने कहा कि बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ से जुड़े लोगों के वोट बढ़ाने की भी चर्चा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची को लेकर सतर्क रहने की अपील की।

STF पर अखिलेश का तीखा तंज

उत्तर प्रदेश STF को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने STF को तंज करते हुए ‘स्वजातीय टॉर्चर फोर्स’ करार दिया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि PDA समाज के लोगों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है।

बदायूं में दलित युवक की कथित थाने में मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस इसे कार्डियक अरेस्ट बता रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई घटनाओं में पुलिस की ओर से इसी तरह की वजह बताई जाती है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश कस्टोडियल डेथ के मामलों में नंबर-1 बनता जा रहा है। साथ ही वाराणसी की एक घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस और थाने की कहानी में कई बार अंतर दिखाई देता है।

‘जाति देखकर हो रहे फर्जी एनकाउंटर’

अखिलेश यादव ने प्रदेश में एनकाउंटर की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जाति देखकर फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ‘हवाई चप्पल में भी एनकाउंटर’ हो रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि STF के भीतर भी PDA वर्ग के लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है।

AI वीडियो पर भी अखिलेश की प्रतिक्रिया

सोशल मीडिया पर अपने और पत्नी डिंपल यादव के कथित AI वीडियो बनाए जाने के सवाल पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में AI की मदद से बड़ी संख्या में वीडियो तैयार किए जा रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से ऐसे वीडियो नहीं बनाने के लिए कहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी तरफ उनके विरोधी लगातार इस तरह के वीडियो बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *