Headlines

राहुल गांधी के बयान पर BJP का पलटवार, बोली- ‘देश का अपमान’

विदेश में राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था पर उठाए सवाल, BJP ने लगाया देश की छवि खराब करने का आरोप

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को लेकर कई सवाल उठाए। राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत का मौजूदा आर्थिक मॉडल करीब एक दशक पहले ही काम करना बंद कर चुका है। उनके इस बयान के बाद देश की सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है।

राहुल गांधी के बयानों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। उन्होंने राहुल पर विदेशी जमीन से भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने और झूठ फैलाने का आरोप लगाया।

केशवन ने कहा कि आज भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। ऐसे समय में भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियां उनकी हताशा और राजनीतिक विफलता को दर्शाती हैं।

मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया पर उठाए सवाल

दरअसल, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी सदस्यों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार की प्रमुख योजनाओं मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के बावजूद देश में पर्याप्त रोजगार के अवसर पैदा नहीं हो पाए हैं।

राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और बेरोजगारी की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि देश के सामने मौजूद रोजगार की चुनौती को केवल आंकड़ों और दावों से नहीं समझा जा सकता।

सर्विस सेक्टर से सभी को नहीं मिलेगा रोजगार: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सर्विस सेक्टर के जरिए देश की पूरी वर्कफोर्स को रोजगार देना संभव नहीं है।

उनके मुताबिक, सर्विस सेक्टर में केवल 1 से 5 फीसदी लोगों को ही रोजगार मिल सकता है। ऐसे में हर व्यक्ति को बेहतर भविष्य देने के लिए मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को फिर से मजबूत करना होगा।

राहुल गांधी के इन बयानों के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब सवाल यह है कि बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी के सवालों पर सरकार की ओर से क्या जवाब आता है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा कितना बड़ा राजनीतिक विवाद बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *