Headlines

जेल में मिले खाने को लेकर आजम खान का बड़ा बयान!

जेल में आजम खान के साथ कैसा हुआ सलूक? खाने से लेकर कोठरी तक का किया बड़ा खुलासा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान ने जेल में बिताए अपने दिनों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं और वहां कैदियों को मिलने वाली सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए।

आजम खान ने आरोप लगाया कि जेल में उनके मानवाधिकारों का उल्लंघन किया गया। उन्होंने बताया कि दो लोगों को महज 11×7 फुट की कोठरी में दिन के 20 से 24 घंटे तक बंद रखा जाता था। उनके मुताबिक, किसी भी कानून के तहत इस तरह की स्थिति को उचित नहीं ठहराया जा सकता।

जेल में मिलने वाले खाने का जिक्र करते हुए आजम खान ने कहा कि उन्हें ऐसा भोजन दिया जाता था, जिसे शायद सड़क पर घूमने वाला आवारा कुत्ता भी खाना पसंद न करे। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार जेलों की व्यवस्था के लिए भारी भरकम बजट देती है, लेकिन इसके बावजूद जेल के अंदर कैदियों के साथ कैसा व्यवहार होता है, इसकी जांच होनी चाहिए।

’98 किलो से 70 किलो रह गया वजन’

आजम खान ने जेल में अपने साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए कहा कि उन्हें काफी प्रताड़ना और मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सरेंडर किया था, उस समय उनका वजन 98 किलो था, लेकिन अब घटकर 70 किलो रह गया है।

उन्होंने अपनी ईमानदारी का जिक्र करते हुए कहा कि उन पर कई तरह के आरोप जरूर लगे, लेकिन चोरी, बेईमानी या कमीशन लेने का आरोप कभी साबित नहीं हुआ। आजम खान ने यह भी कहा कि अगर उन्हें जीवनकाल में व्यवस्था में बदलाव का मौका मिला, तो वह जेल प्रशासन की व्यवस्था को बदलने की कोशिश करेंगे।

सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

वहीं, आजम खान को गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट से भी बड़ी राहत मिली। अदालत ने उनकी अंतरिम जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की ओर से दाखिल याचिका को खारिज कर दिया।

यह मामला मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से संबंधित है। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।

पीठ ने कहा कि चूंकि यह अंतरिम आदेश है, इसलिए इसमें दखल देने की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही आजम खान को मिली अंतरिम जमानत बरकरार रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *