राजनांदगांव।बजट वर्ष 2025-26 में 13 किलोमीटर सड़क कार्य सर्वेक्षण मद में शामिल, आगामी बजट में मद परिवर्तन कर कार्यवाही का विभाग ने दिया आश्वासन खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सोमाझिटिया–बादराटोला–बेलरगोंदी–सीताकसा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की मांग को लेकर खुज्जी विधायक श्री भोलाराम साहू द्वारा विधानसभा में उठाए गए विषय पर लोक निर्माण विभाग ने विभागीय टीप जारी कर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। विभागीय जानकारी के अनुसार उक्त मार्ग की कुल लंबाई 21.10 किलोमीटर है, जिसमें किलोमीटर 0 से 13 तक कुल 13 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य को बजट वर्ष 2025-26 में बजट मद क्रमांक 5136 के अंतर्गत वृहद सड़कों के सर्वेक्षण मद में शामिल किया गया है। लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी बजट में उक्त कार्य का मद परिवर्तन कराकर तदनुसार आवश्यक कार्यवाही की जा सकेगी। विधायक भोलाराम साहू ने क्षेत्र की सड़कों के विकास और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का विषय सदन में उठाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी बजट में मद परिवर्तन कराकर शीघ्र ही कार्य को स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। सड़क निर्माण को लेकर विधायक की पहल से प्रक्रिया आगे बढ़ी है, अब आगामी बजट में कार्य को वास्तविक स्वीकृति एवं क्रियान्वयन तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी।
