संवाददाता || दीपक देवदास || बालोद
गुरुर। ग्राम अरमरी कला में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में जनपद उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू ने क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जिला कलेक्टर के समक्ष चार मूलभूत मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि जनता अपनी समस्याओं को लेकर सरकारी विभागों में लिखित शिकायत करती है, वहीं जनप्रतिनिधियों के समक्ष मौखिक रूप से पीड़ा व्यक्त करती है, जिसे गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है।
दुर्गानंद साहू ने शिविर में बताया कि गुरुर नगर पंचायत सहित पूरे गुरुर ब्लॉक में अवैध शराब की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। गांव-गांव, गली-मोहल्लों और विशेष रूप से होटल-ढाबों में खुलेआम शराब बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग चाहें तो इस पर तत्काल रोक लगाई जा सकती है। इस मुद्दे पर जिला कलेक्टर ने भी जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अलावा उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि जेवरतला के पास स्थित बांध-तालाब कटाव के कारण सड़क तक पहुंच गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। एक वर्ष बीत जाने के बावजूद इस पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।
मोहारा गांव के पास स्थित पुल पिछले वर्ष बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बारिश पूर्व इस पुल का मरम्मत कार्य पूरा किया जाए, ताकि स्कूली बच्चों एवं आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही तादुला जलाशय में नौका विहार शुल्क को लेकर भी मांग रखी गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 200 रुपये लिए जा रहे हैं, जिसे घटाकर 100 रुपये किया जाए ताकि आम लोग भी इसका लाभ उठा सकें।
जन समस्या निवारण शिविर में उठी इन मांगों पर जिला प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान होगा।

